वृद्धाश्रम बन जाते हैं

जब- जब बच्चे अपने घर के, जड़ कुटुंब ठुकराते हैं !

तब -तब इस पावन वसुधा पर,वृद्धाश्रम बन जाते हैं !!

धूप के आगे तेज हवा भी,

मद्धम होती जाती है !

घर में रक्खी रद्दी की

कीमत कम होती जाती है !!

जैसे माला में फूलों का ,

हार ज़रूरी होता है !

जीवन में भी हरा भरा ,

परिवार ज़रूरी होता है !!

जब -जब माँ और बाप ज़मीं पर बोझिल समझे जाते हैं !

तब -तब इस पावन वसुधा पर , वृद्धाश्रम बन जाते हैं !!

जिन लोगों ने सपने वारे,

ज़ालिम तेरे सपनों पर !

जिन लोगों ने शाम सवेरे

रक्खा तुझको पलकों पर !!

जिसने तुझ पर छाता रक्खा

बारिश की बौछारों में !

तूने उसको छोड़ दिया है,

लाकर क्यूँ अंगारों में !!

बेटा हो, पर बेटा भी

शैतान न हो तो अच्छा है !

वरना तो भगवान कोई

संतान न हो तो अच्छा है !!

किसी काँच की तरह से टूटे, जब -जब रिश्ते नाते हैं !

तब -तब इस पावन वसुधा पर वृद्धाश्रम बन जाते हैं !!

ये मुझको अधिकार नहीं है,

पिता पे मैं अनुबन्ध लिखूँ !

माँ की ममता के बदले में,

मैं कोई प्रतिबन्ध लिखूँ !!

मुझको देकर छाँव, धूप में

उसे सुलगते देखा है !

मैने अपनी माँ को अक्सर,

रातों जगते देखा है !!

अपने जीवन से ममता का,

मौसम तुम मत जाने दो !

मात -पिता को कभी ‘चरौरा,

वृद्धाश्रम मत जाने दो !!

जब मानव के भाव डूब, दुष्कर्मों में ढल जाते हैं !

तब -तब इस पावन वसुधा पर वृद्धाश्रम बन जाते हैं !!

Related Post

जाट कौ ब्याह

जाट देव को ब्याह भयौ जब, कारी आँधी आई । कुठला भीज गयौ गेंहूँ कौ, गावैं गीत लुगाई ।। ठाकुर जी ने भाग- भाग कै, न्यौतो गाम चरौरा । सपना जैसी बहू मिलेगी, पीट्यो खूब ढिंढोरा ।। पीट्यो खूब ढिंढोरा भैय्या रोटी घर मत खइयो । दूध जलेबी खइयो झिककेँ, मोछन ऐंठा दईयो ।। बटुआ […]

मेरा गांव मेरा देश

पाँच सितारा इक होटल में, मैने अपने गांव को देखा ।। खट्टे बेरों वाली झाड़ी, दो गमलों में लगी हुई थी । एक पुरानी घोड़ा गाड़ी, दरवाजे पर खड़ी हुई थी । शीशे की सब दीवारों पर, काली – पीली छांव को देखा, पहली मंजिल पर देखा था, चूल्हे से बतियाता आँगन, सुबह की सरगम […]

हम हैं इस पार पर घर तो उस पार है

हम हैं इस पार पर, घर तो उस पार है ! बीच में उम्र की एक दीवार है !! प्रेम के पनघटों पर छले जाएंगे ! एक दिन सब यहां से चले जायेंगे ।! देह के दीप में, प्रीत बाती बने, अनवरत रात दिन हम जले जाएंगे !! नेह का सिर्फ़ इतना ,कथानक है कि, […]